शराब की दुकान पर शुरू हुए विवाद के बाद खूनी संघर्ष, एक की मौत, आठ घायल
सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज तीन लोगों को किया गया गिरफ्तार
मृतक के परिजनों ने धारा 302 ना लगाने पर लगा चक्काजाम
जनसंदेश न्यूज़
भदोही। सुरियांवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुता चकडाही गांव में बुधवार की देर रात दो पक्षो में मारपीट हो गयी। दोनों पक्षो में जमकर लाठी डंडे चले। जिसमे एक पक्ष से बीस वर्षीय परमेश बिंद पुत्र दशरथ बिंद की मौत हो गयी। जबकि दोनों पक्षो से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये।
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार की शाम परमेश से दूसरे पक्ष के लोगों से शराब की दुकान पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में देर रात 11 बजे के करीब मारपीट हो गयी। दोनों पक्षो से जमकर लाठी डंडे मिले। जिसमें एक पक्ष के दशरथ बिन्द पुत्र संतलाल उम्र 40 वर्ष, संतलाल पुत्र पंचू उम्र 65 वर्ष, भारत बिंद पुत्र संतलाल 40 वर्ष, आकाश बिंद पुत्र भारत बिन्द उम्र 17 वर्ष, परमेश पुत्र दशरथ बिंद उम्र 25 वर्ष, गीता देवी पत्नी दशरथ उम्र 45 वर्ष एवं परमिला पुत्री दशरथ उम्र 25 वर्ष तथा दूसरे पक्ष से 06 लोग घायल हुए।
जिनमें परमेश पुत्र दशरथ बिन्द को गम्भीर चोट लगने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी सुरियावां से जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर भेजा गया। जहां पर परमेश बिंद की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के सम्बन्ध में संतलाल पुत्र पंचू की तहरीर के आधार पर थाना सुरियावां पर मुकदमा अपराध संख्या-81/20 धारा- 147/323/ 504/304/188/269/270 आईपीसी बनाम चौरई पुत्र जगदीश बिंद आदि 7 नफर के विरुद्ध पंजीकृत कराया गया है। जिसमें नामित तीन अभियुक्तो को गिरफ्तार किया जा चुका है।
302 न लगाए जाने से आक्रोशित परिजनों ने किया चक्काजाम
ज्ञानपुर। परमेश का शव पोस्टमार्टम से मिलने के बाद मृतक के परिजनों व सगे सम्बंधित लोगो ने मुकदमा में हत्या की धारा 302 न लगाएं जाने से आक्रोशित होकर ज्ञानपुर में परमेश के शव को दुर्गागंज तिराहे पर रखकर जाम लगा दिया। जाम लगाने से आवागमन बाधित हो गया। करीब पौने घण्टे तक चले जाम के बाद ज्ञानपुर कोतवाल केके सिंह व एसआई अरविंद सिंह के समझाने उचित कार्यवाही का आश्वासन मिलने पर जाम समाप्त किया गया।