जिला जेल से फरार दोनों कैदी 24 घंटे के भीतर हुए गिरफ्तार, वाराणसी जाने की फिराक में कुख्यात कैदी
डीआइजी जेल ने दो जेलकर्मियों को किया था निलंबित
जनसंदेश न्यूज़
गाजीपुर। जिला जेल से शनिवार रात नौ बजे के करीब दो कैदी फरार हो गए हैं। कैदियों के भाग जाने की खबर के बाद जेल में हड़कंप मच गया। हालांकि खानपुर पुलिस ने 24 घंटे में ही खरौना गांव स्थित गोमती नदी पुल से गिरफ्तार कर लिया है। जिला प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारी पूछताछ में जुटे हुए है। वहीं डीआइजी जेल ने दो जेलकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार की रात जेल में बंद खानपुर थाना क्षेत्र के विकास पुत्र प्रकाश यादव तथा हिमांशु यादव पुत्र चंद्रिका यादव फरार होकर गांव गोपालपुर पर पहुंचे वहां से वाराणसी जाने के चक्कर में थे। मुखबिर की सूचना पर फरार दोनांे अपराधियों को गोमती नदी पल से गिरफ्तार कर लिया गया है।
आपको बता दें कि शनिवार की रात खाना खाने के बाद जिला जेल से दोनों कैदी फरार हो गए थे। जेल अधिकारी के अनुसार कैदियों की भोजन के बाद गिनती के दौरान बैरक में बंद दो कैदी कम मिले। दोनों कैदियों पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। यह दोनों कुख्यात हैं, इन लोगों पर छेड़खानी जैसे मामले भी दर्ज थे।
डीआइजी बीआर वर्मा ने इस लापरवाही में रामनाथ तथा अशोक कुमार जेल प्रहरियों को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि दोनो कैदी बीते 22 मई को जेल में आए थे। नए कैदियों को जेल के पीछे बने बैरक में रखा जा रहा है। जहां बहुत बड़ा आम का पेड़ लगा हुआ है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि, कैदी खाना खाने के बाद किचन से ही निकलकर इसी आम के पेड़ के सहारे ऊंची दीवार लांघकर जेल से भागने में सफल हुए थे। एसपी डॉ ओमप्रकाश सिंह ने इस घटना के बाद पुलिस को अलर्ट जारी कर दिया। जिसका परिणाम रहा कि यह अपराधी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए गए। वही इस गिरफ्तारी से पुलिस के अधिकारियों ने राहत की सांस ली।